देहरादून , फ़रवरी 23 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में विधायक उमेश शर्मा काऊ प्रकरण के बाद सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी कर्मचारी और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए मुख्य सचिव को एसओपी बनाने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में श्री धामी से मुलाकात करके 21 फरवरी को ननूर खेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना और हाल के समय में अन्य स्थानों पर सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया,और उनसे ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

श्री धामी ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान , सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रही है।

उन्होंने मुख्य सचिव को फोन कर, अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक को भी निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, साथ ही इस तरह की घटनाओं पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रर्मेंद्र डोबाल को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित