धार , सितंबर 25 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर-उमरबन विधानसभा क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से रिक्त 38 पदों को भरने की मांग को लेकर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है।

उन्होंने रिक्त पदों पर प्राथमिकता से भर्ती करने के साथ ही क्षेत्र की दुर्घटना और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। विधायक ने पत्र में बताया कि मनावर विधानसभा क्षेत्र से चार स्टेट हाईवे गुजरते हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ होना जरूरी है।

उन्होंने सर्जरी, निश्चेतना, आपातकालीन उपचार, लैब जांच और नर्सिंग सेवाओं को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। उमरबन विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाकानेर और सीएचसी उमरबन में कुल नौ पद रिक्त हैं। इसी तरह मनावर विकासखंड के सिविल अस्पताल मनावर, पीएचसी सिंघाना, खंडलाई, करोली और लंगुर में कुल 29 पद खाली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित