पटना , अक्टूबर 29 -- बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणाम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को तीन सीटों पर जीत मिली है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने दो सीटों पर कब्जा जमाया है।
दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि एक सीट जन सुराज पार्टी के खाते में गई।
गुरुवार को दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम की आधिकारिक घोषणा के साथ ही सभी आठ सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो गयी हैं।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के अनिल कुमार झा ने राजग समर्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. सर्वेश कुमार को 4,010 मतों से पराजित किया। करीब 60 घंटे तक चली मतगणना के बाद घोषित परिणाम के अनुसार, अनिल कुमार झा को कुल 25,406 मत मिले, जबकि डॉ. सर्वेश कुमार को 21,396 मत प्राप्त हुए।
दरभंगा स्नातक सीट पर मतगणना के दौरान इसकी प्रक्रिया पर सवाल उठे और गिनती लम्बे समय तक चली, लेकिन अंतिम परिणाम आने के बाद सभी पार्टियों ने मतगणना पद्धति पर विश्वास जताया हैं। मतगणना के दौरान पहले दस चक्रों के बाद भाजपा के डॉ. सर्वेश बढ़त बनाये हुए थे और उनके जीतने की खबर बाहर आई, लेकिन द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती के बाद अनिल कुमार झा ने निर्णायक बढ़त बना ली।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा ने कोसी सीट पर जीत दर्ज की, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को पटना स्नातक सीट पर सफलता मिली। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एन.के यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार विजयी रहे। दरभंगा स्नातक सीट पर राजद के अनिल कुमार झा ने जीत हासिल की, जबकि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी ने जदयू के अभिषेक झा को पराजित किया।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा, राजद, जन सुराज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा को 594 मतों से हराया। पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से पराजित किया।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 324 मतों से शिकस्त दी। वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जदयू के आनंद पुष्कर को हराकर जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल थीं। चुनाव में कुल 150 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित