देवरिया , अक्टूबर 29 -- चार राज्यों में हुए विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज विपक्ष पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि परिणामों ने बता दिया कि जनता जिसके साथ है, जीत उसी के हाथ है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह ने गुरुवार को कहा कि विपक्ष का झूठ की राजनीति करना अब जगजाहिर हो गया है। इस बार ईवीएम से नहीं। बैलेट पेपर से वोट पड़े थे। उसके बाद भी कर्नाटक में, जहां कांग्रेस की सरकार है। वहां कांग्रेस को शून्य सीट मिली। उन्होंने कहा कि जनादेश विपक्ष के पक्ष में नहीं है। जनता जिसे नहीं चाहती, उसे वोट नहीं देती। चाहे ईवीएम से हो या हाथ उठाकर। बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति सबके सामने है।
उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में पिछले दस साल से भाजपा की सरकार है। उसके बावजूद एमएलसी चुनाव में भाजपा ने अपनी छह सीटें बरकरार रखीं। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि विपक्ष आरोप लगाता रहा है कि भाजपा निष्पक्षता से चुनाव नहीं कराती, तो समाजवादी पार्टी ने जो पांच सीटें जीतीं, क्या वो निष्पक्षता से नहीं जीतीं। जहां-जहां सपा हारती है। वहां निष्पक्षता पर सवाल उठाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हार-जीत की समीक्षा कर आगे बढ़ती है। जबकि विपक्ष ईवीएम, चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार या एसआईआर के नाम पर झूठा नैरेटिव गढ़ता है। संस्थाओं पर सवाल उठाने वाले खासकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव के चेहरे से आज नकाब उतर गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित