जौनपुर , अक्टूबर 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव एवं जौनपुर सदर के पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान ने विधान परिषद चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सफलता ने 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा का स्पष्ट संकेत दे दिया है कि 2027 में पीडीए की सरकार आएगी।
श्री खान ने शुक्रवार को "यूनीवार्ता" से बातचीत में कहा कि प्रदेश की 11 सीटों में से 5 सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत इस बात का प्रमाण है कि पीडीए की विचारधारा और सामाजिक न्याय की राजनीति को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों की नीतियों से किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी, बुनकर, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग परेशान हैं। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सामाजिक असमानता ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उम्मीद देख रही है।
उन्होंने कहा कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को सम्मान, भागीदारी, सामाजिक न्याय और समान अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए की एकजुटता लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा की लड़ाई को और मजबूत करेगी। मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणामों को भाजपा के लिए चेतावनी के रूप में देखा जाना चाहिए। जनता के सवालों का जवाब केवल नारों से नहीं, बल्कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की खुशहाली और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करके देना होगा। जनता अब अपने भविष्य को लेकर जागरूक है और 2027 में अपने मताधिकार के माध्यम से निर्णायक फैसला सुनाएगी।
श्री खान ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणामों ने बता दिया है कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की लहर मजबूत हो रही है। 2027 में पीडीए की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित