पटना , अक्टूबर 14 -- बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के आगामी चुनाव में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम 15 से 17 अक्टूबर तक दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान 17 जिलों के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रमुख नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार पासवान ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि दौरे के पहले दिन 15 अक्टूबर को दरभंगा जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक होगी। इसमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों के पार्टी पदाधिकारी एवं प्रमुख कांग्रेसजन शामिल होंगे।
बैठक में चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को पूर्णिया जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिलों के पार्टी नेता भाग लेंगे। वहीं, 17 अक्टूबर को भागलपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में होने वाली बैठक में भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई और खगड़िया जिलों के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष और प्रमुख कांग्रेसजन शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित