गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 21 -- विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में 23 अक्टूबर को मतदान समाप्ति तक पूर्ण शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया गया है। इस दौरान जिले में सभी प्रकार की आबकारी दुकानें, बार, शराब बिक्री प्रतिष्ठान और मदिरा से संबंधित अन्य अनुज्ञापन बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने तथा जनपद में लोक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। आदेश के तहत निर्धारित अवधि में मादक पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

गौतमबुद्धनगर जिला मजिस्ट्रेट एवं लाइसेंस प्राधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि,शासन ने विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मतदान दिवस पर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में शराब की दुकानों की बंदी और मादक पदार्थों के उपभोग को प्रतिबंधित अथवा नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर अन्य सभी जनपदों में संबंधित नियमावली, लाइसेंस की शर्तों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ड्राई डे लागू किया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट ने संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम की धारा 59 तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(ग) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद में यह आदेश जारी किया है। इसके तहत देशी शराब की दुकानों, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग की दुकानों, बार अनुज्ञापनों तथा एफएल-11 सहित विभिन्न श्रेणियों के आबकारी अनुज्ञापनों पर बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अतिरिक्त बीडब्ल्यू एफएल-2/2बी, एफएल-2/2बी, सीएल-2, बांड अनुज्ञापन, एफएल-16/17, एफएल-9/9ए और मिथाइल अल्कोहल से संबंधित अनुज्ञापनों पर भी आदेश प्रभावी रहेगा। जिले की सभी सैन्य एवं अर्द्धसैनिक कैंटीनों के साथ-साथ फुटकर और थोक मदिरा बिक्री से जुड़े अन्य प्रतिष्ठान भी इस बंदी के दायरे में आएंगे। निर्धारित अवधि के दौरान इन प्रतिष्ठानों में मादक पदार्थों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी।

शासन ने ड्राई डे के दौरान अवैध मदिरा की तस्करी और गैरकानूनी बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को आदेश के अनुपालन पर निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की अपेक्षा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित