पटना , जून 05 -- जनता दल यूनाइटेड(जदयू ) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार विधान परिषद चुनाव एवं उपचुनाव के लिए पार्टी की ओर से घोषित सभी उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री कुशवाहा ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन से यह स्पष्ट होता है कि सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण जद(यू) की मूल प्रतिबद्धता है, न कि केवल राजनीतिक नारा।

श्री कुशवाहा ने कहा कि जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की वर्तमान सूची उनकी समावेशी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस सूची में विशेष रूप से अति पिछड़ा वर्ग और महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो सामाजिक समरसता आधारित राजनीति के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा निशांत कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का माहौल है। उन्होंने निशांत कुमार को दूरदर्शी, सरल, सहज और जनसरोकारों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व का धनी बताते हुए विश्वास जताया कि वे विधान परिषद सदस्य के रूप में जनसेवा, सुशासन और न्याय के साथ विकास की अवधारणा को और अधिक मजबूत करेंगे।

जदयू अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि जद(यू) सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के अपने संकल्प पर आगे भी मजबूती से कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित