लखनऊ , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र से पहले सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों और समन्वय की समीक्षा की। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र तीन अगस्त से छह अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। चार दिन तक चलने वाले इस सत्र में योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश कर सकती है।

सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विधायी और वित्तीय कार्यों को पूरा करेगी। इसके साथ ही विपक्ष कई जनहित और समसामयिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं, महंगाई, बेरोजगारी, प्रदेश में भारी बारिश से उत्पन्न हालात तथा कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे सदन में उठाने की रणनीति बना रहा है। ऐसे में चार दिन का यह संक्षिप्त मानसून सत्र भी हंगामेदार रहने की संभावना है। सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित