देवरिया , फरवरी 16 -- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में सोमवार को देवरिया में न्याय संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित महापंचायत में बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सभी सनातनी समाज को विधानसभा और लोकसभा में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

महापंचायत को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2029 में लोकसभा चुनाव में वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ते हैं, तो वे उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 जैसी राजनीतिक स्थिति दोबारा नहीं बनेगी और उससे पहले ही राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

अलंकार अग्निहोत्री ने यह भी कहा कि वह एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन की तैयारी कर रहे हैं, जिसकी औपचारिक घोषणा 23 फरवरी को की जाएगी। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जल योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं और प्रदेश के कई स्थानों पर पानी की टंकियों के गिरने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने इन मामलों की व्यापक स्तर पर जांच की मांग की।

उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी एकता दिखनी चाहिए जिससे उनकी आवाज को दबाया न जा सके और उनके हितों के विरुद्ध कोई भी कानून न बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित