लखनऊ , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान सोमवार को निजी अस्पतालों की कथित मनमानी का मुद्दा जोर-शोर से उठा।

समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य अतुल प्रधान ने सरकार से सवाल किया कि निजी अस्पतालों पर नियंत्रण के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और मरीजों से मनमाने शुल्क वसूलने की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई है। इस पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सदस्य अब भी "अपना चश्मा नहीं बदल पा रहे हैं" और पूर्ववर्ती सरकार के नजरिए से ही वर्तमान व्यवस्था को देख रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार निजी अस्पतालों की अनियमितताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और किसी को भी मनमानी की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पाठक ने बिना नाम लिए यह भी कहा कि कुछ लोग अस्पतालों से उगाही के चक्कर में लगे हुए हैं और सरकार ऐसे तत्वों पर भी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित