चंडीगढ़ , मार्च 06 -- पंजाब भर से आये हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ उसकी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफलता के लिए विशाल प्रदर्शन किया।

पार्टी ने विशेष रूप से महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने के वादे का उल्लेख किया, जिसे अभी तक पूरा नहीं किया गया है। कांग्रेस ने मांग की कि सरकार को यह राशि पिछले चार वर्षों के बकाया के साथ देनी चाहिए। पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था और राज्य की अर्थव्यवस्था के चरमराने पर सरकार की कड़ी आलोचना की।

कांग्रेस ने बजट सत्र के पहले दिन पंजाब विधानसभा का 'घेराव' करने की योजना बनायी थी। कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के बाहर एकत्र हुए थे और वहां से विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे। पुलिस ने हालांकि उन्हें हिरासत में ले लिया और विधानसभा तक पहुंचने से रोक दिया, जिसे एक किले (गैरीसन) की तरह कड़ी सुरक्षा में रखा गया था।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री पूरी तरह विफल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य का कर्ज चार लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है और जल्द ही इसके 4.17 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में विकास पर एक पैसा भी खर्च नहीं किया गया, बल्कि इसे आम आदमी पार्टी ने दिल्ली, गुजरात और गोवा जैसे राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए बर्बाद कर दिया। राजा वड़िंग ने कहा, " बुनियादी ढांचे के लिए कहीं एक ईंट तक नहीं लगायी गयी है। केवल विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।"पीसीसी अध्यक्ष ने 'आप' को महिलाओं के लिए एक हजार रुपये मासिक वजीफा, कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, लंबित महंगाई भत्ता और रेत खनन से 20 हजार करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने के दावों की याद दिलायी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब 'आप' के चार साल के कुशासन के बाद जवाब मांग रहे हैं। कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी और गैंगस्टर बिना किसी डर के लोगों की हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "आज पंजाब में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।"पत्रकारों से बातचीत में राजा वड़िंग ने कहा, " बम फेंके जा रहे हैं, बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित की गयी और नशा राज्य में एक बड़ी समस्या है। हम इन सभी मुद्दों के खिलाफ विरोध कर रहे हैं।" आप और भाजपा के बीच 'गुप्त समझौते' का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकने के लिए दोनों ने गठबंधन कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल और भाजपा के बीच गुप्त सांठगांठ है।

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी विरोध प्रदर्शन को संबोधित किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की विफलताओं पर जमकर हमला बोला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित