रायपुर , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप तथा विधानसभा के सभी सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान मातृत्व के सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया पौधा लोगों को उसके संरक्षण के लिए भावनात्मक रूप से प्रेरित करता है।

श्री साय ने कहा कि विधानसभा परिसर से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और जैव विविधता के क्षरण जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण मानव जीवन और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण और जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय अभियानों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान प्रदेश के प्रत्येक गांव, शहर और परिवार तक पहुंचेगा तथा प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित