मुंबई , अक्टूबर 17 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र से पहले नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल पर विचार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उम्मीदों पर खरे नहीं उतरने वाले मंत्रियों को हटाया जा सकता है, जबकि युवा और सक्रिय विधायकों को मंत्रिमंडल में मौका मिलने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, श्री शिंदे कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन से असंतुष्ट हैं, जो सरकार के करीब ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाये हैं। पार्टी के भीतर कुछ मंत्रियों को हटाने और उनके स्थान पर नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की संभावना पर चर्चा हो रही है। प्रस्तावित बदलाव में कुछ राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिये जाने की संभावना भी शामिल है। इस कदम से श्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के भीतर राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और युवा नेताओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है।
सूत्रों का कहना है कि श्री शिंदे दशहरा के बाद अपनी टीम में बदलाव की तैयारी कर रहे हैं। राजनीतिक हलकों में इस कवायद को मंत्रिमंडल में फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज में सुधार करना, पार्टी संगठन को मजबूत करना और गुट के भीतर एकता बनाए रखना बताया जा रहा है।
शीतकालीन सत्र नजदीक आने के साथ ही नेतृत्व शासन-प्रशासन के कामकाज में तेजी लाने और मंत्रियों के प्रदर्शन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दे रहा है। युवा और ऊर्जावान विधायकों को पदोन्नति या मंत्रिमंडल में जगह देना आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी की व्यापक रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित