चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ राजनेता चुन्नी लाल भगत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दिवंगत चुन्नी लाल भगत पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता हैं।
श्री संधवां ने गुरुवार को अपने शोक संदेश में कहा कि श्री चुन्नी लाल भगत के निधन से राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने उन्हें प्रतिभाशाली, समर्पित, सौम्य और सक्षम राजनेता बताते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन और स्वच्छ राजनीति से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने जालंधर क्षेत्र के विकास में श्री चुन्नी लाल भगत के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके किए विकास कार्यों को लोग हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह अपूरणीय क्षति सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित