पटना , मई 29 -- िहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सदन की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति तथा कृषि उद्योग विकास समिति का गठन कर दिया है।

कटिहार के विधायक तारकिशोर प्रसाद एवं नाथ नगर के विधायक मिथुन कुमार क्रमशः इन समितियों के सभापति बनाये गए हैं।

अध्यक्ष श्री कुमार ने विधायक एवं पूर्व मंत्री मंगल पांडे एवं अमनौर के विधायक कृष्ण कुमार मंटू को क्रमशः प्राक्कलन एवं आचार समिति का सभापति मनोनीत किया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी मनोनीत सदस्यों को आगामी कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि संसदीय लोकतंत्र में समितियों की भूमिका काफी अहम होती है। प्राक्कलन समिति ऐसे प्राक्कलनों, जो उसे सदन की तरफ से सौंपे जाते हैं या जो समुचित प्रतीत हों, की जांच कर प्रशासन में कार्यदक्षता एवं मितव्ययिता को प्रोत्साहित करती है। आचार समिति सदन के सदस्यों के आचरण संबंधी मामलों की जांच करती है। यह समिति इस बात को सुनिश्चित करती है कि सदस्यों के आचरण नैतिक और सदाचार से युक्त हों। उन्होंने कहा कि आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति राज्य के राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य की समीक्षा करती है एवं राजस्व में वृद्धि पर सरकार को अनुशंसा करती है। यह समिति केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्रीय एवं राज्य के अंशदान की उपलब्धता की समीक्षा भी करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित