जौनपुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए इसे बर्दाश्त से बाहर बताया।
जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर सतीश महाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। डॉ. सिंह ने कहा कि उन्नाव में हाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के बीच विधानसभा अध्यक्ष के मंच से नीचे उतरकर चले जाने का वीडियो सामने आया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान देश की शान और सम्मान है तथा इसके अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान देश का अपमान है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर जौनपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। कार्यकर्ता एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित