चंडीगढ़ , सितंबर 24 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. कौर ने बृहस्पतिवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत अब तक करीब 624 करोड़ रुपये जारी किये जा चुके हैं और सात लाख से अधिक महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता मिल रही है।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में इस योजना के लिए 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को समय पर और बिना परेशानी के सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र महिला जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सेवा केंद्रों, पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों और मैदानी कर्मचारियों के सहयोग से पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला को जागरूकता की कमी, प्रशासनिक देरी या किसी स्तर पर लापरवाही के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

डॉ कौर ने कहा कि सरकार सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पारदर्शी और जन-केंद्रित व्यवस्था अपना रही है तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। उन्होंने पात्र महिलाओं और उनके परिवारों से योजना की जानकारी लेने तथा लाभ प्राप्त करने के लिए निकटतम जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय, सेवा केंद्र या संबंधित सरकारी कार्यालय से संपर्क करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित