मुरैना , मई 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने विद्युत लाइन से तार काटते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

जौरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नितिन बघेल ने बताया कि देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खिटोरा में लंबे समय से बिजली के तार चोरी होने की घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे। लगातार हो रही चोरी के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी। इसके चलते ग्रामीणों ने स्वयं निगरानी करने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि कल देर रात तार चोर गिरोह विद्युत लाइन से तार काट रहा था, तभी ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके दो साथी मौके से भागने में सफल हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित