श्रीगंगानगर , मार्च 29 -- राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ की सूरतगढ़ इकाई ने प्रदेश अध्यक्ष सतीशप्रसाद चमोला के नेतृत्व में रविवार को सूरतगढ़ थर्मल पावर संयंत्र में विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डीसी श्रृंगी और तकनीकी निदेशक संजय सनाढ्य से मुलाकात करके उन्हें दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।

कर्मचारी संघ के सूत्रों ने बताया कि पहले ज्ञापन में तीन सूत्रीय मांगपत्र रखा गया। इसमें उत्पादन निगम में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ उनकी नियुक्ति की तारीख से ही देने, वर्ष 1997-98, 2003, 2005 और 2006 में भर्ती हुए तकनीकी कर्मचारियों के नियुक्ति के उपरांत किए गए तीन वर्ष के प्रशिक्षण काल को नियमित सेवा अवधि में जोड़ने और कालीसिंध थर्मल (झालावाड़), छबड़ा थर्मल (बारा) और सूरतगढ़ थर्मल में ग्रेड पे 3600 की सीटों को स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार स्वीकृत करने की मांग की गयी।

सूत्रों ने बताया कि दूसरे ज्ञापन में सूरतगढ़ थर्मल पावर संयंत्र में कर्मचारियों के लिए ईएसआई डिस्पेंसरी खोलने के लिये शीघ्र ही उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। कर्मचारी संघ ने निगम प्रशासन से आग्रह किया कि इन सभी मांगों का अति शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो संगठन द्वारा प्रत्येक संयंत्र की इकाई स्तर पर 10 दिन बाद एक घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा और आगे उचित निर्णय लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित