गुना , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के गुना जिले में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए आरडीएसएस और एसएसटीडी योजना के तहत विभिन्न कार्य पूर्ण किए गए हैं। इन कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार आरडीएसएस योजना के तहत जिले में 33/11 केवी के पांच एमवीए क्षमता वाले सात नए उपकेंद्रों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें टोडरा, बनेह, गेंहूखेड़ा, गिर्द, किलामपुर, मोहम्मदपुर और जोगीराना क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा गेंहूखेड़ी और बडौद में पांच एमवीए क्षमता के दो अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। विद्युत प्रणाली की गुणवत्ता और क्षमता बढ़ाने के लिए 1500 केवीएआर क्षमता के 33 कैपेसिटर बैंक भी लगाए गए हैं।

एसएसटीडी योजना के तहत श्यामपुर (कोंतर), इंडस्ट्रियल एरिया गुना और धानबाड़ी में 33/11 केवी के पांच एमवीए क्षमता वाले तीन नए उपकेंद्रों का निर्माण पूरा हुआ है। इसके अलावा पांच और 3.15 एमवीए क्षमता के सात अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं तथा नौ पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा किया गया है।

कंपनी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में गुना जिले के लिए 61 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें चाकरी, छिकारी और साडा में पांच एमवीए क्षमता के तीन नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का निर्माण, 14 स्थानों पर पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, 20 स्थानों पर अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा 24 स्थानों पर 11 केवी कंडक्टर की क्षमता वृद्धि के कार्य शामिल हैं।

इन कार्यों से विद्युत नेटवर्क की क्षमता बढ़ने, ओवरलोडिंग कम होने और बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित