कौशांबी , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के विकासखंड कड़ा स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय लुकिया में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका के हाथ में चाकू और चापड़ लेकर विद्यालय आने की शिकायत सही पाए जाने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों धारदार हथियार बरामद कर लिए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रयागराज निवासी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह पिछले लगभग 13 वर्षों से विद्यालय में कार्यरत हैं। आरोप है कि वह पिछले पांच दिनों से विद्यालय में चाकू और चापड़ लेकर आ रही थीं तथा कक्षा के भीतर बच्चों के सामने उन्हें लहराती थीं। इससे छात्र-छात्राओं में भय का माहौल था और अन्य शिक्षक भी सहमे हुए थे।

शुक्रवार को शिक्षिका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। जांच अधिकारी पुलिस टीम के साथ विद्यालय पहुंचे, जहां शिकायत प्रथम दृष्टया सही मिलने पर शिक्षिका के कब्जे से चाकू और चापड़ बरामद कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया गया।

पूछताछ के दौरान शिक्षिका ने कहा कि वह स्वयं को असुरक्षित महसूस करती हैं। उनका कहना था कि "जो मुझे गाली देगा, उसे मैं काट डालूंगी।" सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडे ने बताया कि शिक्षिका से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित