मुरैना , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सबलगढ़ में विद्यालय के बोर्ड पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक विचार लिखे जाने की शिकायत के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदोलिया ने प्रयोगशाला सहायक को जांच के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रकरण में विद्यालय के प्रयोगशाला सहायक बाबू सिंह दुलावत के विरुद्ध प्राप्त शिकायत के आधार पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिवस के भीतर प्रतिवाद प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। दुलावत द्वारा प्रस्तुत प्रतिवाद का परीक्षण करने पर उनका उत्तर समाधानकारक नहीं पाया गया।
प्रकरण में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर बाबू सिंह दुलावत को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में बाबू सिंह दुलावत का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कैलारस, जिला मुरैना निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मूलभूत नियम 53 के प्रावधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित