भीलवाड़ा , जुलाई 08 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा क्षेत्र के खातन खेड़ी राजकीय विद्यालय की बदहाली से बुधवार को छात्रों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की बदहाल स्थिति, जर्जर भवन और शिक्षकों की भारी कमी से नाराज विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक विद्यालय का ताला नहीं खोला जाएगा। विद्यालय में कक्षा एक से 12वीं तक करीब 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं लेकिन उनके लिए केवल पांच कमरे ही उपलब्ध हैं। इनमें से अधिकतर कमरे जर्जर हालत में हैं, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में इन कमरों में पढ़ाई करना बच्चों और शिक्षकों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के नए भवन की स्वीकृति मिले दो वर्ष बीत चुके हैं लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जमीन पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
भवन की समस्या के साथ-साथ विद्यालय में शिक्षकों की भी भारी कमी है। करीब 500 विद्यार्थियों के लिए केवल पांच शिक्षक (चार पुरुष और एक महिला शिक्षक) कार्यरत हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराना मुश्किल हो गया है।
आंदोलन कर रहे छात्रों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वीकृत विद्यालय भवन का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए, जर्जर कमरों के स्थान पर सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए और विद्यालय में रिक्त शिक्षकों के पदों को जल्द भरा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित