भीलवाड़ा , जुलाई 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा क्षेत्र के खातनखेड़ी राजकीय विद्यालय के मुख्य द्वार पर सोमवार को छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने ताला लगाकर प्रदर्शन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थी और ग्रामीण विद्यालय की बदहाल स्थिति, जर्जर भवन और शिक्षकों की भारी कमी से आक्रोशित हैं। नाराज लोगों ने सुबह विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में कक्षा एक से 12वीं तक करीब 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उनके लिए केवल पांच कमरे उपलब्ध हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ये सभी कमरे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। बरसात के मौसम में छत और दीवारों की हालत इतनी खराब है कि हर दिन किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। ऐसे हालात में बच्चों को पढ़ाना उनकी जान जोखिम में डालने जैसा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित