प्रयागराज , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में जूनियर स्तर के शिक्षकों की भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय परिसर में आज प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से प्राथमिक, टीजीटी और पीजीटी भर्ती के साथ जूनियर स्तर की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से कई सरकारी विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। कुछ स्कूलों में सीमित शिक्षकों के भरोसे ही पढ़ाई संचालित हो रही है। ऐसे में जूनियर स्तर पर नई भर्ती जरूरी है।

संयुक्त हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने दावा किया कि जूनियर स्तर पर करीब 40 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह शुरुआती अनुमान है और सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति के आधार पर शिक्षकों की आवश्यकता इससे अधिक हो सकती है। प्रदर्शन कारियों ने आरोप लगाया कि कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई का जिम्मा केवल टीजीटी शिक्षकों पर डालकर जूनियर शिक्षकों की भर्ती को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

उनका कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक होना जरूरी है।अभ्यर्थियों ने पदोन्नति और सीधी भर्ती में 50-50 प्रतिशत का अनुपात लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाते हैं तो कम से कम 50 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की जानी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इससे विभाग में पदोन्नति के अवसर भी बने रहेंगे और नए अभ्यर्थियों को सीधी भर्ती के जरिए मौका मिलेगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और 'स्कूल ठीक करो' अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाना मुश्किल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित