पटना , मार्च 07 -- पटना नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करने तथा कचरा प्रबंधन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा विद्यालय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सभी छह अंचल में अभियान लगातार चलाया जा रहा है।आज नूतन राजधानी अंचल के वार्ड संख्या 19 अंतर्गत मीठापुर स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण तथा विभिन्न प्रकार के कचरे के प्रबंधन के बारे में सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय से निकलने वाली उपयोगी वस्तुओं जैसे पुरानी किताबें, अध्ययन सामग्री, कपड़े, बैग आदि को एकत्रित कर विद्यालय परिसर में रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल (आरआरआर) सेंटर स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे संसाधनों के पुनः उपयोग की आदत को बढ़ावा मिल सके।इसके अतिरिक्त बांकीपुर अंचल के मछुआ टोली स्थित सब्जी मंडी में भी दुकानदारों के बीच सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। दुकानदारों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, कपड़े या जूट के थैलों जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने तथा प्रत्येक दुकान पर ट्विन बिन (गीला एवं सूखा कचरा के लिये अलग-अलग डस्टबिन) रखने की अपील की गई, जिससे कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण सुनिश्चित हो सके।

पटना नगर निगम द्वारा लगातार शहर के विभिन्न विद्यालयों और व्यावसायिक क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से पटना को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहर बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित