दरभंगा , जुलाई 24 -- िहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जला रड्डी ने शुक्रवार को जिले के निजी कोचिंग संस्थानों के संचालकों, छात्रावास अधीक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को भ्रामक गतिविधियों से दूर रखने में सहयोग की अपील की।समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित संयुक्त बैठक में वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा, शैक्षणिक वातावरण की निरंतरता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी श्री कुमार ने कोचिंग संचालकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को विरोध-प्रदर्शनों से दूर रहने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से बचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व छात्रों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में कोचिंग संस्थानों और छात्रावास प्रबंधन की भूमिका अभिभावक की तरह महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन छात्रों के भविष्य और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है तथा किसी भी छात्र को कानून हाथ में लेने या किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कोचिंग संस्थानों से राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने की भी अपील की।उन्होंने कहा कि हाल के प्रदर्शन के संबंध में 32 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें अधिकांश छात्र हैं। जिनका आपराधिक मामलों में नाम आने से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन तथा अन्य अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलारड्डी ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा किसी भी संदिग्ध या उकसावे वाली गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन की आड़ में सार्वजनिक या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित प्रशासन एवं पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित