बारां , अप्रैल 24 -- राजस्थान में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर बारां जिले के बामला विद्यालय के विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत का शैक्षणिक दौरा कराया गया।
यह कार्यक्रम जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में आयोजित हुआ। दौरे का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र की प्रक्रिया एवं पंचायत की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और उनमें नेतृत्व कौशल विकसित करना है।
इस अवसर पर स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने कहा कि ग्राम पंचायत लोकतंत्र की सबसे सशक्त नींव है और 73वें संवैधानिक संशोधन के तहत इसे स्थानीय स्वशासन की इकाई के रूप में मान्यता मिली है।
दौरे के दौरान विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सरपंच, सचिव एवं सदस्य बनाकर पंचायत के कार्यों से परिचित कराया गया। सचिव संजू कुमावत ने ग्राम सभा, विकास योजनाओं, बजट प्रबंधन और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर सरपंच बुद्धि प्रकाश रावल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित