जौनपुर , मार्च 03 -- ईरान में उत्पन्न युद्ध जैसी स्थिति के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट परिसर में एक इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित कर हेल्पलाइन नंबर 9454417117 तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि जनपद के जो नागरिक किसी भी देश में फंसे हुए हैं या संभावित खतरे की आशंका है, उनके परिजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह व्यवस्था की गई है। परिजन हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर संबंधित व्यक्ति की जानकारी, लोकेशन और अन्य आवश्यक विवरण साझा कर सकते हैं, ताकि शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा। यहां तैनात अधिकारी और कर्मचारी प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे तथा आवश्यकता अनुसार विदेश मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर केवल आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर ही संपर्क करें। प्रशासन ने हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित