रुद्रपुर , अक्टूबर 25 -- विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा एवं वर्क परमिट उपलब्ध कराने का झांसा देकर कथित धोखाधड़ी के आरोप में उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले की ट्रांजिट कैंप पुलिस ने रविवार को एक इमिग्रेशन एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सहदौरा निवासी शमशेर ने विगत 24 अक्टूबर को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात रुद्रपुर निवासी मो. अलीम से हुई थी। आरोप है कि अलीम ने उनके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने के लिए वीजा और वर्क परमिट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने बेटे के दस्तावेज, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को दिए थे। इसके बावजूद उनके बेटे को विदेश नहीं भेजा गया और न ही वीजा, वर्क परमिट तथा शैक्षणिक दस्तावेज लौटाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित