मुंबई , अक्टूबर 16 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत 09 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 8.578 अरब डॉलर घटकर 726.027 अरब डॉलर रह गया।

यह आठ सप्ताह का निचला स्तर है। विदेशी मुद्रा के देश के भंडार में यह लगातार पांचवीं गिरावट है। इससे पहले 02 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 12.95 अरब डॉलर कम होकर 734.61 अरब डॉलर पर रही थी।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 09 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 7.142 अरब डॉलर कम होकर 597.605 अरब डॉलर पर आ गया। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं। उनके मूल्य का आंकलन डॉलर के मुकाबले उनकी संदर्भ दर के आधार पर किया जाता है।

आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार 1.319 अरब डॉलर घटकर 105.94 अरब डॉलर रहा। यह 10 सप्ताह का इसका निचला स्तर है।

इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि एक करोड़ डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 10.9 करोड़ डॉलर कम होकर क्रमशः 4.78 अरब डॉलर और 18.548 अरब डॉलर रह गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित