मुंबई , अक्टूबर 09 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत 02 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 12.952 अरब डॉलर घटकर 734.606 अरब डॉलर रह गया।

विदेशी मुद्रा का भंडार लगातार चौथे सप्ताह कम हुआ है जबकि इसका यह स्तर छह सप्ताह में सबसे कम है। इससे पहले 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 18.343 अरब डॉलर कम होकर 747.557 अरब डॉलर पर रहा था।

रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 02 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 10.664 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गयी और यह 604.747 अरब डॉलर रह गया। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, जापानी येन और ब्रितानी पाउंड भी शामिल होते हैं। इनके मूल्य का आंकलन डॉलर की तुलना में उनकी संदर्भ दर के आधार पर होता है।

आलोच्य सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 2.288 अरब डॉलर घटकर 106.413 अरब डॉलर रह गया।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि और विशेष आहरण अधिकार दोनों में 1.5 अरब डॉलर की गिरावट रही। ये क्रमशः 4.789 अरब डॉलर और 18.656 अरब डॉलर रह गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित