मुंबई , दिसंबर 12 -- सोने का भंडार बढ़ने से देश का विदेशी मुद्रा भंडार 05 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 1.033 अरब डॉलर बढ़कर 687.26 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इससे पहले लगातार दो सप्ताह इसमें गिरावट देखी गयी थी। गत 28 नवंबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.877 अरब डॉलर घटकर 686.227 अरब डॉलर रहा था।
भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को बताया कि 05 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 1.188 अरब डॉलर बढ़कर 106.984 अरब डॉलर हो गया। यह सात सप्ताह का उच्चतम स्तर है।
वहीं, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति आलोच्य सप्ताह में 15.1 करोड़ डॉलर घटकर 556.88 अरब डॉलर रह गयी। इनमें अमेरिकी डॉलर के साथ ब्रितानी पाउंड, यूरो और जापानी येन भी शामिल हैं। इनका मूल्य डॉलर के मुकाबले इनकी संदर्भ दर के आधार पर तय होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित