टिहरी , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दृष्टिगत टिहरी गढ़वाल जिला पुलिस यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को एक विदेशी महिला नतालिया ने अपने मित्र विवेक के साथ बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर किराये की टैक्सी से यात्रा करने के दौरान पुलिस से मिली सहायता की प्रशंसा की है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि देवप्रयाग क्षेत्र में यात्रा के दौरान टैक्सी चालक एवं यात्रियों के मध्य किराये को लेकर मामूली विवाद हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्ष थाना पहुंचे। पुलिस द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक सुना गया तथा आवश्यक समझाइश दी गई। विदेशी महिला द्वारा अवगत कराया गया कि वे उक्त टैक्सी चालक के साथ आगे यात्रा करने में असहज महसूस कर रही हैं तथा उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इस पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके लिए दूसरी टैक्सी की समुचित व्यवस्था कराई गई, जिससे वे सुरक्षित एवं सहज रूप से अपनी यात्रा आगे जारी रख सकें।
पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय सहायता से संतुष्ट होकर विदेशी महिला द्वारा उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की तथा धन्यवाद दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित