मुरैना , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश को देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने और प्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को परिचित कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन मंडल द्वारा 07 से 10 अक्टूबर 2026 तक भोपाल में मध्यप्रदेश यात्रा बाजार-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्वालियर-चंबल अंचल पहुंचे 13 विदेशी पर्यटन विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक स्थलों के साथ ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य का अनुभव किया।

परिचयात्मक यात्रा के दौरान दल ने ग्वालियर किले सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इसके बाद मुरैना जिले के बटेश्वर, पढ़ावली और मितावली पहुंचकर प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धरोहरों एवं स्थापत्य कला को करीब से जाना। प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति, लोककला, पारंपरिक खान-पान, ग्रामीण जीवनशैली और स्थानीय आतिथ्य का अनुभव किया।

प्रतिनिधियों ने ग्रामीण परिवारों से संवाद कर स्थानीय परंपराओं, खान-पान, कला, हस्तशिल्प, खेती-किसानी और दैनिक जीवन के बारे में जानकारी प्राप्त की। मध्यप्रदेश पर्यटन मंडल एवं रागिनी फाउंडेशन के सहयोग से मुरैना जिले के रिठोरा कलां, ऐती और मितावली में कुल 18 ग्रामीण आवास विकसित किए गए हैं। इन ग्रामीण आवासों के माध्यम से पर्यटकों को ग्रामीण क्षेत्र में ठहरने के साथ स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक भोजन, ग्रामीण जीवनशैली और आतिथ्य का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराया जा रहा है।

ग्रामीण परिवारों के साथ संवाद के दौरान प्रतिनिधियों ने गांव की दिनचर्या, खेती-किसानी, खान-पान, पारंपरिक जीवनशैली और स्थानीय रीति-रिवाजों को समझा। स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतिनिधियों ने कलाकारों और ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय कला, संगीत और परंपराओं को करीब से जाना।

यात्रा में श्री ग्रेगरी लुई ह्यूग्स ब्रिगैंड, श्री मिहाली एबेल सामू, सुश्री रूथ मार्गरेते कुहन, सुश्री वीरा जिल्स्के, सुश्री ग्रेटा लिब्रा, श्री एलेक्जेंडर गोरडिन, श्री रोडेरिक एगुइलर, श्री नट्टापाच उटेनपिटक, श्रीमती सुशादा उटेनपिटक, सुश्री मैग्डालेना पॉलिना गॉयर, सुश्री नादेज्दा कज़ान्त्सेवा, सुश्री थी न्गोक ली ट्रान तथा सुश्री किया कारोलीना फिन्स्का शामिल रहीं। प्रतिनिधियों ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं ग्रामीण पर्यटन संभावनाओं की जानकारी ली तथा स्थानीय समुदाय से जुड़े पर्यटन अनुभव को महत्वपूर्ण बताया।

मध्यप्रदेश यात्रा बाजार-2026 के अंतर्गत दूसरा परिचयात्मक यात्रा दल 11 अक्टूबर को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का भ्रमण करेगा। दल को ग्वालियर की ऐतिहासिक विरासत के साथ मुरैना जिले के बटेश्वर, पढ़ावली, ककनमठ एवं मितावली के ग्रामीण एवं सांस्कृतिक पर्यटन अनुभवों से परिचित कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित