गिरिडीह , नवम्बर 02 -- केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को टैक्स, स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी, कथित भ्रष्टाचार, अवैध खनन और राज्य की कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा।

श्रीमती देवा ने कहा कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। उनके अनुसार, राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसका असर विकास कार्यों पर भी पड़ रहा है।

खनन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खनन गतिविधियों पर रोक के बावजूद अवैध खनन जारी है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और सरकारी संरक्षण में उनकी जेबें भरी जा रही हैं।

केंद्रीय मंत्री श्रीमती देवी ने सोमवार को गिरिडीह में आयोजित प्रेसवार्ता कर बताया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता उनकी काबिलियत से भली-भांति परिचित है। उन्हें यह तक समझ नहीं है कि देश के सामने किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित