अररिया , फरवरी 26 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि विदेशी घुसपैठ की वजह से जनसंख्या में बदलाव किसी भी देश की संस्कृति के लिए खतरनाक हो सकता है।

श्री शाह ने आज बिहार के अररिया में अवैध घुसपैठ से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अतिक्रमण और घुसपैठ से होने वाला जनसंख्या में परिवर्तन किसी भी देश की संस्कृति, इतिहास और भौगोलिक स्थिति के लिए अत्यंत खतरनाक होता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इस समस्या का स्थाई समाधान करेगी।

गृहमंत्री ने कहा कि घुसपैठ की वजह से सबसे अधिक प्रभावित राज्य पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद सीमा पर बाड़ेबंदी करते हुए हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर भेजने की वयवस्था की जाएगी।

श्री शाह ने आरोप लगाया कि घुसपैठिये न केवल चुनावों को प्रभावित करते हैं, बल्कि वंचित वर्गों के लिए लायी गयी कल्याण योजनाओं के वितरण तथा युवाओं के रोजगार पर भी असर डालते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों का अवैध रूप से देश में रहना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ी चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए हर स्तर पर राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित