विदिशा , मई 12 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह नौतपा की दस्तक से पहले ही सूर्य देव ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों से तीखी धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वही आज मंगलवार को सुबह से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गत दिवस दोपहर दो बजे तक शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। इन दिनों दोपहर होते ही शहर की व्यस्त सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह तो सिर्फ शुरुआत है और मई के तीसरे सप्ताह में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। उत्तर भारत की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण हीट वेव (लू) की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस बार नौतपा शुरू होने से पहले ही लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि प्यास नहीं लगने पर भी नागरिक नियमित रूप से पानी पीते रहें। नींबू पानी, ओआरएस और छाछ का अधिक सेवन करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। इस दौरान सूती कपड़े पहनने की सलाह भी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित