विदिशा , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश में कृषि प्रधान विदिशा जिले के युवा उद्यमी मानस गुप्ता ने अपने पिता द्वारा वर्ष 1988 में शुरू किए गए पारिवारिक उद्योग को देश की सीमाओं से बाहर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया है। कंपनी के कृषि उपकरण अब भारत के अलावा 10 से अधिक देशों में किसानों और विभिन्न परियोजनाओं में उपयोग किए जा रहे हैं।
मानस गुप्ता वर्ष 2016 में अपने पिता के साथ पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े। उस समय कंपनी की पहुंच मध्यप्रदेश सहित केवल तीन राज्यों तक थी। उपकरणों की गुणवत्ता और उपयोगिता को समझने के बाद उन्होंने विपणन के तौर-तरीकों में बदलाव किया तथा डिजिटल माध्यमों और ऑनलाइन पहचान के जरिए नए बाजारों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।
वर्ष 2016 से 2019 के बीच कंपनी ने तीन राज्यों से विस्तार कर देशभर में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार पर ध्यान केंद्रित किया गया। वर्ष 2019 में नेपाल से कंपनी को पहला विदेशी ऑर्डर मिला। इसके बाद श्रीलंका, बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों से भी मांग आने लगी। वर्तमान में कंपनी के उपकरण 10 से अधिक देशों में पहुंच चुके हैं।
कंपनी ट्रैक्टर माउंटेड ट्रेलर, ट्रैक्टर लोडर, बकेट, डोजर, ड्रिलिंग रिग, पोल लिफ्टिंग मशीन सहित विभिन्न कृषि उपकरणों का निर्माण करती है। इनका उपयोग खेती के अलावा सड़क निर्माण, ग्रामीण विकास, भूमि विकास, खुदाई, लोडिंग और ड्रिलिंग जैसे कार्यों में भी किया जा रहा है।
अफ्रीकी देशों में कंपनी के उपकरणों को विशेष स्वीकार्यता मिली है। वहां किफायती कीमत और मजबूत गुणवत्ता के कारण इनकी मांग बढ़ी है। कंपनी के अनुसार उसके उत्पादों का उपयोग गड्ढों की खुदाई, लोडिंग, ड्रिलिंग और भूमि विकास जैसे कार्यों में किया जा रहा है।
कंपनी को गुणवत्ता के क्षेत्र में आईएसओ 9001:2015 सहित एमएसएमई से संबंधित प्रमाणन प्राप्त हैं। कंपनी अब उत्पादन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
मानस गुप्ता के अनुसार व्यवसाय के विस्तार में पिता का अनुभव, आत्मविश्वास, गुणवत्ता पर ध्यान और नई तकनीक अपनाने की सोच की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका कहना है कि सही गुणवत्ता, तकनीकी बदलाव और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से छोटे शहरों की कंपनियां भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित