नागपुर , मई 20 -- महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बुधवार को भी भीषण लू का प्रकोप जारी रहा और वर्धा 47.1 डिग्री सेल्सियस के झुलसा देने वाले तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा जबकि नागपुर में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, वर्धा में तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि नागपुर में यह औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इतना अधिक तापमान क्षेत्र में भीषण लू की स्थिति को दर्शाता है। विदर्भ के कई अन्य जिलों में भी तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी गई। अमरावती में 46.4 डिग्री सेल्सियस, चंद्रपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस, गढ़चिरौली में 45.6 डिग्री सेल्सियस और अकोला में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

नागपुर में शाम के समय हवा में नमी का स्तर क्षेत्र में सबसे कम यानी 18 प्रतिशत दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर इतना कम होने की वजह से नागपुर में शुष्क गर्मी की स्थिति और भी गंभीर हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित