नागपुर , जनवरी 30 -- शिवम मावी (सात विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने राणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के दूसरे दिन शुक्रवार को विदर्भ को पहली पारी में 237 के बराबरी वाले स्कोर पर रोकने के बाद स्टंप्स के समय तक 75 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिये हैं।
आज यहां विदर्भ ने कल के 33 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में शिवम मावी ने अमन मोखाड़े (28) को आउट कर उत्तर प्रदेश को पहली सफलता दिलाई। 21वें ओवर में मावी ने रोहित बीनकर (आठ) और रविकुमार समर्थ (शून्य) का भी शिकार कर लिया। मावी ने 23वें ओवर में सत्यम भोयर (19) को आउटकर विदर्भ को चौथा झटका दिया। एक समय विदर्भ ने 95 के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय दानिश मालेवर और नचिकेत भूटे ने पारी को संभाला और सातवें विकेट के लिए 126 रन जोड़कर विदर्भ को संकट से निकाला। 69वें ओवर में मावी ने दानिश मालेवर को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। दानिश मालेवर ने 117 गेंदों में 10 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 80 रनों की पारी खेली। इसके बाद एक बार फिर विदर्भ की पारी लड़खडा गई और उसने 16 रन जोड़कर अपने चारों विकेट गंवा दिये। पार्थ रेखड़े (चार) भी मावी का शिकार बने। नचिकेत भूटे रनआउट हुये। उन्होंने 85 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 63 रन बनाये। 63वें ओवर की आखिरी गेंद पर मावी ने यश ठाकुर (पांच) को आउटकर 237 के स्कोर पर विदर्भ की पारी का अंत किया।
उत्तर प्रदेश के लिए शिवम मावी ने 59 रन देकर सात विकेट लिये। करण चौधरी और कार्तिक त्यागी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
अन्य मैच में बडौदा के 375 रनों के जवाब में तमिलनाडु ने आज दिन का खेल समाप्त होने के समय बिना किसी नुकसान के बाद 118 रन लिये है। अथिश एसआर (नाबाद 42) और विमल कुमार (नाबाद 66) क्रीज पर मौजूद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित