समस्तीपुर , अगस्त 07 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. संजय यादव ने कहा कि चार दशक से वित्त रहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी बिहार की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं,लेकिन उन्हें अब-तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है। श्री यादव समस्तीपुर के सरकारी बस स्टैंड में बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को समस्तीपुर के सरकारी बस स्टैंड परिसर में आयोजित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन अब केवल मांगों तक सीमित नहीं है,बल्कि शिक्षा के सम्मान और हजारों शिक्षकों के भविष्य की निर्णायक लड़ाई बन गया है।उन्होंने बिहार में वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने, शिक्षण संस्थानों के समायोजन तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान सहित अन्य सुविधाएं देने की मांग सरकार से की।

धरना सभा को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के सीनेट सदस्य डॉ. शम्भु नाथ ठाकुर, संत कबीर महाविद्यालय, समस्तीपुर के शिक्षक नेता भूपनेश्वर राम, डॉ. नवीन कुमार, कांग्रेस सेवा दल के प्रभारी अफरोज खान, जिलाध्यक्ष राजन चंद्रवंशी, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रुचि सिंह एवं कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अबू तमीम सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित