रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौधरी ने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन तथा कयाघाट पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना लक्ष्य है। सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के पूर्ण होने पर रायगढ़ विकास के मॉडल के रूप में उभरेगा।

प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा परियोजना को आगामी नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव शहर की नई पहचान बनने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाएगी।

निर्माणाधीन आईएसबीटी का जायजा लेते हुए चौधरी ने बताया कि यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। बस टर्मिनल में एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय और बसों के रखरखाव हेतु पृथक वर्कशॉप भी विकसित की जा रही है।

वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित इस हरित परिसर को शहर के पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर दो प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ में आधारभूत संरचना के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर और स्वस्थ शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित