पटना , सितम्बर 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को वित्तरहित शिक्षकों के अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में शामिल हुये।श्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि वित्तरहित शिक्षकों एवं उनके प्रतिनिधियों से बात कर समस्याओं का समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिये कमिटी गठित की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विकसित भारत और समृद्ध बिहार की कल्पना को साकार करने का समय है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार की कल्पना की है। इसे साकार करने के लिये हम सभी को मिलकर काम करना होगा।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है। इसी मगध की धरती से पूरा शासन व्यवस्था का संचालन हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार की अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना में बड़ा बदलाव आया है। बिहार और झारखंड के अलग होने के समय बिहार की अर्थव्यवस्था काफी हद तक झारखंड से प्राप्त राजस्व पर निर्भर थी, लेकिन आज बिहार का बजट झारखंड से काफी आगे निकल चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में जहां झारखंड ने 1 लाख 39 हजार करोड़ रूपये का बजट पेश किया वहीं बिहार ने 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित