बैतूल , अक्टूबर 29 -- सांदीपनि शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल बाजार की विज्ञान नाटिका 'एआई की कहानी, लाभ या हानि' का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। नाटिका ने जोन स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम 17 नवंबर को जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल जोन का प्रतिनिधित्व करेगी।

विद्यालय के उप प्राचार्य आर.के. मालवीय ने बताया कि पीजीबीटी भोपाल में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के संतुलित उपयोग और उसके प्रभावों पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। इसके माध्यम से संदेश दिया गया कि एआई मानव जीवन को सुगम बनाने में उपयोगी है, लेकिन उस पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय इसे एक साधन के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए।

नाटिका में कक्षा दसवीं की नेहा राठौर, गुनेश्वरी पंड्या, ऋषिका गंगारे और यशी धोटे, कक्षा नौवीं की तनुश्री बनकर, ऋषिका गाडगे और मीनाक्षी इवनाती तथा कक्षा आठवीं के अभिनव प्रधान ने अभिनय किया। इस उपलब्धि में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना हैंड, उप प्राचार्य आर.के. मालवीय और शिक्षक दिलीप पटेल, सविता महाले, पुरुषोत्तम देशमुख, प्रीति पोटफोड़े तथा खुशबू साहू का मार्गदर्शन और सहयोग रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित