पटना , मई 18 -- िज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के नवनियुक्त सचिव हिमांशु शर्मा ने आज पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान सचिव लोकेश कुमार सिंह ने श्री शर्मा को विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

पदभार ग्रहण के अवसर पर विभाग के अपर सचिव सह निदेशक अहमद महमूद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए सचिव का स्वागत किया एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान श्री लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग राज्य के पॉलिटेक्निक संस्थानों एवं अभियंत्रण विद्यालयों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगारोन्मुख बनाना है।

नवनियुक्त सचिव श्री शर्मा ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी लोग समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें, ताकि विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक छात्रों एवं युवाओं तक पहुंच सके। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में विभाग की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित