बैतूल , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश के बैतूल से विज्ञान, अंतरिक्ष, रोबोटिक्स और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को किताबों से बाहर निकलकर करीब से समझने के लिए जिले के 20 छात्र-छात्राओं का दल शनिवार को छह दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर गुजरात रवाना हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणित एवं विज्ञान ओलंपियाड के तहत चयनित विद्यार्थी अहमदाबाद और केवड़िया में विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े केंद्रों का भ्रमण कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े एवं योजना अधिकारी विनोद पड़लक की मौजूदगी में दल को एक्सीलेंस स्कूल मैदान से रवाना किया गया। दल 27 सितंबर को अहमदाबाद पहुंचेगा। 28 सितंबर को विद्यार्थी एस्ट्रोनॉमी, एक्वाटिक और रोबोटिक्स गैलरी, नेचर पार्क, लाइफ साइंस पार्क, स्पेस एवं साइंस-एनर्जी एजुकेशन सेंटर, जलवायु परिवर्तन प्रयोगशाला और साबरमती रिवरफ्रंट का भ्रमण करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित