चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने बुधवार को पुलिस चौकी कैलाश चौक, लुधियाना के प्रभारी सहायक सब इंस्पेक्टर जनक राज को15,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर को सिविल लाइन, लुधियाना के एक निवासी की दर्ज करवायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के भाई को एक मामले में गिरफ़्तार किया गया था, जिसमें आरोपी एएसआई जांच अधिकारी था। सम्बन्धित शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब वह थाने में अपने भाई को मिलने गया, तो आरोपी एएसआई ने उसके गिरफ़्तार भाई को मिलने बदले मौके पर ही उससे 10,000 रुपये की रिश्वत ली। उन्होंने बताया कि आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता के भाई को और पुलिस रिमांड पर न रखने बदले एसएचओ के लिए दो लाख रुपये और अपने लिए 50 हज़ार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत पर प्राथमिक जांच के बाद, विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिस दौरान आरोपी एएसआई जनक राज को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 15, 000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध विजीलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन लुधियाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले में आगे वाली जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित