चंडीगढ़ , फरवरी 24 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने मंगलवार को जिला एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के गांव देवीनगर (अभरावं) के सरपंच गुरचरण सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज करवायी गयी एक शिकायत के आधार पर की गयी है। शिकायत की जांच के दौरान यह सामने आया कि गांव देवीनगर (अभरावं) के सरपंच गुरचरण सिंह ने शिकायतकर्ता का पुलिस स्टेशन बनूड़ में जब्त किया गया ट्रैक्टर छुड़वाने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। गांव देवीनगर निवासी शिकायतकर्ता के अनुरोध पर, आरोपी सरपंच के साथ सौदा 50,000 रुपये में तय हुआ।

इस संबंध में, आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन एस.ए.एस. नगर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित